नागपुर(अमर छत्तीसगढ़) 9 अगस्त । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की क्राइम ब्रांच नागपुर और गोंदिया की संयुक्त टीम ने राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) नागपुर के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से करीब 2.166 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है।
बरामद सोने की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 9 लाख 40 हजार 881 रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक अजय शर्मा को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में एक व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर नागपुर और गोंदिया क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई में गोंदिया क्राइम ब्रांच के निरीक्षक समीर खलखो, सहायक उपनिरीक्षक नासिर खान और आरक्षक विकास पटले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने गोंदिया से नागपुर के बीच ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान ट्रेन के पिछले जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 2.166 किलोग्राम विदेशी सोने के बिस्किट बरामद हुए। टीम ने सोने को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई कलमना और नागपुर स्टेशन के बीच की गई।
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपी को जब्त सोने सहित DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया। DRI ने आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ और DRI की इस संयुक्त कार्रवाई को रेलवे मार्ग से होने वाली कथित सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों द्वारा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

