संजय सिंह के बयान पर सीएम साय का पलटवार : बोले- छत्तीसगढ़ को कोई हाईजैक नहीं कर सकता, डबल इंजन सरकार से तेजी से हो रहा विकास

संजय सिंह के बयान पर सीएम साय का पलटवार : बोले- छत्तीसगढ़ को कोई हाईजैक नहीं कर सकता, डबल इंजन सरकार से तेजी से हो रहा विकास

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 9 अगस्त । आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह द्वारा केंद्र सरकार पर प्रदेश सरकार को ‘हाईजैक’ करने संबंधी दिए गए बयान को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसा कुछ भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में डबल इंजन की सरकार के कारण प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।

अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है।

‘मोदी की गारंटी का हर काम पूरा कर रहे’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का वादा पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। वहीं 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास हो रहा है और डबल इंजन सरकार के कारण छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है।

केजरीवाल के E20 बयान पर भी बोले CM साय

E20 पेट्रोल को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर भी विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश तेजी से आगे बढ़ा है। सीएम साय ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है। उन्होंने दावा किया कि आर्थिक क्षेत्र समेत विभिन्न क्षेत्रों में देश ने तेजी से प्रगति की है। उन्होंने कहा कि करीब 12 वर्ष पहले भारत आर्थिक स्थिति में दसवें स्थान पर था, जबकि अब देश चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे नए भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

विदेशी योगदान संशोधन विधेयक का किया स्वागत

अगले सप्ताह संसद में ‘विदेशी योगदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026’ पेश किए जाने के संदर्भ में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार इसका स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि इससे देश को लाभ होगा।

बस्तर में तिरंगा फहराने पर कांग्रेस को घेरा

बस्तर के कई गांवों में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर प्रोपेगेंडा बताए जाने के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर चार दशकों से ज्यादा समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है और अब हालात बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर के 90 से अधिक गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पर राजनीति करने के बजाय सभी को खुश होना चाहिए कि लंबे समय बाद इन क्षेत्रों में शांति और विकास का माहौल बन रहा है।

Chhattisgarh