रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 10 अगस्त । राजधानी में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार घटना के दोनों कथित स्थानों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के चकरभाठा निवासी महिला को तीन युवक सरोना स्थित शराब भट्ठी के पास ले गए। आरोप है कि वहां महिला को शराब पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी महिला को आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में लेकर पहुंचे। यहां भी महिला को शराब पिलाने के बाद उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले में पुलिस ने शिवा, आयुष दुर्गा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। घटना की शुरुआत में आजाद चौक थाने में जीरो पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद प्रकरण को जांच के लिए डीडी नगर थाना पुलिस को भेजा गया। फिलहाल डीडी नगर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

