बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 4 सितंबर।
🔹गणेश पूजा आयोजन समिति की पुलिस प्रशासन ने ली बैठक।
🔹गणेश उत्सव के दौरान समस्त आयोजन स्थल पर सभी प्रकार के सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने दी गई निर्देश
🔹आम नागरिकों के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो इस हेतु आयोजन स्थल पर सुचारु आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने की गई अपील
🔹आयोजन के दौरान सामाजिक सौहाद्र, महिलाओं एवं बच्चों के सुविधाओं के विशेष संवेदनशीलता व सामाजिक मर्यादाओं का ध्यान रखने दी गई समझाइस।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे एवं सभी राजपत्रित अधिकारियों पर्यवेक्षण में आगामी गणेश पूजा उत्सव के समस्त आयोजन समिति बिलासपुर की बैठक स्थानीय चेतना भवन पुलिस लाइन में ली गई। इस बैठक में बिलासपुर के सभी क्षेत्रों के गणेश पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सम्मिलित हुए, बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से सभी गणेश पूजा आयोजन समिति को आयोजन के दौरान शांति एवं व्यवस्था, सुगम एवं सुचारु यातायात प्रबंधन व्यवस्था, स्वच्छता अभियान का विशेष ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया गया।
उन्हें जिला प्रशासन से आयोजन के संबंध में नियमानुसार समय पूर्व अनुमति लेकर अनुमति की सभी शर्तों व निर्देशित कंडिकाओं का अक्षरशः पालन करने एवं समिति के पदाधिकारी की सूची क्षेत्राधिकार के थानों में जमा कराए जाने, गणेश पूजा पंडाल आम रास्ता व व्यस्ततम स्थान पर नहीं बनाए जाने, पूजा पंडाल में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का धीमा प्रयोग माननीय सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन के अनुसार किए जाने, सभी गणेश पूजा पंडाल के आसपास आयोजन समिति द्वारा वर्दी धारी सुरक्षा गार्ड, एवं समिति के वॉलिंटियर्स रखे जावे ताकि यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके, साथ ही पूजा पंडाल में स्वस्थ एवं मर्यादित माहौल बनाए रखने, पंडाल के आसपास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, किसी भी वाद-विवाद अथवा झगड़े की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना व पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित किए जाने एवं पूजा पंडाल की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने समझाइस एवं निर्देश दिया गया।
इसी प्रकार सभी पूजा पंडाल में समिति सदस्यों, पदाधिकारी की सूची लगाने, स्थानीय पुलिस थाना पुलिस नियंत्रण का दूरभाष क्रमांक सहित डायल 112, 108 नंबर की जानकारी, पूजा पंडाल के आसपास ड्यूटी पर तैनात पुलिस के अधिकारी एवं जवानों की व्यवस्था बनाए रखने में समिति द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान की जावे, साथ ही साथ समितियां को यह भी निर्देशित किया गया कि वह यातायात जागरूकता हेलमेट की आवश्यकता व अनिवार्यता एवं साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी जागरूकता संबंधी होडिंग, फ्लेक्स, बैनर आवश्यक रूप से लगाए।
इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों के सुविधाओं व सुरक्षा को विशेष ध्यान रखने। सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत किसी भी प्रकार के अभद्र व असंस्कारी गतिविधियों व व्यवहार ना हो इसका विशेष ध्यान रखने तथा धार्मिक व आस्था के इस विशाल आयोजन के अवसर पर किसी भी प्रकार के असामाजिक गतिविधियों तथा सामाजिक मर्यादाओं से परे किसी भी प्रकार के आचरण पर त्वरित नियंत्रण लगाए जाने हेतु समझाइस दिया गया।
इसी क्रम में आगामी दिनों में पुनः बिलासपुर के समस्त गणेश पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों को दिये गये इन निर्देश एवं आवश्यक तैयारी संबंधी बैठक का आयोजन किया जावेगा। आज की इस बैठक में बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों से गणेश पूजा आयोजन समिति के 100 से अधिक सदस्य उपस्थित हुए।
गणेश उत्सव आयोजन समिति के विशेष बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात राम गोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सी परिहार एवं शहरी थाना प्रभारीगण व शहर के समस्त गणेश उत्सव समिति के सदस्य सम्मिलित हुए।



