14 मंडलों की प्रस्तुतियों से गूंजा नवकार नगर, राजनांदगांव के दादा गुरु भक्त मंडल बना महाविजेता प्रथम पुरस्कार, 51 हजार की नगद राशि से हुआ सम्मान

14 मंडलों की प्रस्तुतियों से गूंजा नवकार नगर, राजनांदगांव के दादा गुरु भक्त मंडल बना महाविजेता प्रथम पुरस्कार, 51 हजार की नगद राशि से हुआ सम्मान

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 सितंबर । नवकार नगर स्थित श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय एवं मणिधारी दादाबाड़ी में आयोजित 11 दिवसीय दादा गुरुदेव एकतीसा भक्ति महोत्सव के अंतिम दिवस भक्ति, संगीत और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतिम दिवस कुल 14 मंडलों ने अपनी शानदार भक्ति एवं नृत्य प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

प्रतियोगिता में राजनांदगांव के दादा गुरु भक्त मंडल ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। विजेता मंडल को 51 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में बी.जे.एस. सीमंधर महिला मंडल, पंख ग्रुप, लोढ़ा विंग्स, जैन-Z, समता युवा संघ, निपुणा अलंकार ग्रुप, मनोहर महिला मंडल महासमुंद, धर्मरक्षक श्री शांतिनाथ मंडल (जेंट्स) महासमुंद, पुष्प श्री जी बागबाहरा मंडल, जागृति मंडल धमतरी, दादा गुरु भक्त मंडल राजनांदगांव, नवकार म्यूजिकल ग्रुप भखारा, वर्धमान बालिका मंडल राजनांदगांव एवं संस्कृति महिला मंच भिलाई-3 ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में पद्मश्री महेश चौहान, गौतम छाजेड़ (खैरागढ़), अंजली चोपड़ा, अंजली गोल्छा एवं रेखा रायसोनी उपस्थित रहीं। निर्णायकों ने मंडलों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ी।

महोत्सव के अंतिम दिवस श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए बंपर ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं में से भाग्यशाली विजेता का चयन किया गया, जिसे एक ग्राम सोने की चेन उपहार स्वरूप प्रदान की गई। बंपर ड्रॉ की घोषणा होते ही पूरे परिसर में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।

11 दिवसीय दादा गुरुदेव एकतीसा भक्ति महोत्सव का समापन भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन देर रात तक श्रद्धालु भक्ति प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे और दादा गुरुदेव के जयकारों से पूरा नवकार नगर गूंजता रहा।

Chhattisgarh