राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 6 सितम्बर। ” जो हमें ज्ञान दें हम उसे गुरु मानते हैं परंतु वास्तविक में सच्चा गुरु कौन है? सच्चा गुरु वह है,जो आप जानते हो उसे न केवल जानना सिखाया बल्कि उसके उपयोग करने तथा जीवन में अपनाने का तरीका भी सिखाया। हर व्यक्ति ही अपना गुरु होता है। ” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य श्रेयांशप्रभ सागर जी ने आज जैन बगीचा स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय भवन में अपने नियमित चातुर्मासिक प्रवचन के दौरान व्यक्त किए।
मुनि श्रेयांशप्रभ जी ने कहा कि गुरु वह होता है जो आपको मिले ज्ञान का उपयोग करना सिखाता है,यही नहीं उसे अपनाना भी सीखाता है। हर व्यक्ति अपना गुरु होता है और संघर्ष उन्हें जीवन का मूल्य बताता है। जब तक आप तकलीफों को सामना नहीं करेंगे, तब तक आप जीवन का मूल्य नहीं समझ पाएंगे। उन्होंने कहा एक जिम्मेदारी होनी चाहिए किंतु एक ही जिम्मेदारी नहीं होनी चाहिए। जो मेहनत आप कर रहे हो वह तब तक सफल नहीं होगा जब तक आप तकलीफों का सामना ना करें।
जीवन ही हमारा एडवेंचर है
मुनि श्रेयांशप्रभ जी ने कहा कि हर कोई एडवेंचर चाहता है और जीवन ही हमारा एडवेंचर है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी किसी के लिए हमारा अच्छा बोलना भी गलत हो जाता है। उस समय आपका तरीका गलत नहीं बल्कि अलग होता है। हर गलती करने वाले को पता होता है कि उसने गलती की है लेकिन वहां जाकर हम जले में नमक छिड़कने काम करते हैं।
या तो हम उसे डांटने लगते हैं या फिर उकसाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि हर बार बच्चों को डांटने से काम नहीं चलता, समझाना भी पड़ता है। हमें पहले यह समझना चाहिए कि बच्चा गलती क्यों किया, इस गलती के पीछे उसका उद्देश्य क्या था! हम इसे स्वयं ही समझने का प्रयास नहीं करते और समझाने चले जाते हैं।
0 हम कोशिश नहीं करते
मुनि श्री ने कहा कि हमें किसीको गिरने या गिराने के चक्कर मैं नहीं रहना चाहिए बल्कि उठाने के फेर में रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी किसी चीज से चूकता नहीं है, बस वह कोशिश नहीं करना चाहता। कोशिश करें तो वह 90 फ़ीसदी हिस्सा तो प्राप्त कर ही सकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चे जहां 15 साल के होते हैं तो माता-पिता से थोड़ा दूर रहना चालू कर देते हैं, इसके पीछे अच्छा और बुरा दोनों कारण हो सकते हैं, इसलिए हमें बच्चों को अच्छी और बुरी दोनों की जानकारी देकर उनकी समस्या का हल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप अच्छे गुरू बने और अपने परिवार की समस्या को सुलझाएं। यह जानकारी मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने दी।

