राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 12 सितंबर । भारतीय सांस्कृतिक निधि (INTACH) राजनांदगांव-खैरागढ़ चैप्टर द्वारा आयोजित इंटैक नेशनल हेरिटेज क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुम्डीबोड़ में किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में लक्ष्मी नारायण बदूरका शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रिवागहन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं के छात्र अमन पटेल एवं कक्षा 9वीं के छात्र विवेक यादव की जोड़ी ने लिखित एवं मौखिक चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में बाज़ी मारी। रॉयल किड्स कॉन्वेंट के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम चरण में विरासत, संस्कृति, इतिहास एवं परंपराओं से संबंधित 20 प्रश्नों की लिखित परीक्षा हुई। इसके बाद चयनित 10 विद्यार्थियों ने मौखिक प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लिया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अमन पटेल एवं विवेक यादव का चयन रायपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुम्डीबोड़ की प्राचार्या डॉ. श्रीमती मॉनसी वर्गीस के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। संचालन अधिवक्ता श्री आमलेंदु हाजरा ने किया। इंटैक राजनांदगांव-खैरागढ़ चैप्टर के संयोजक डॉ. आनंद वर्गीस ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की प्रक्रिया एवं विरासत से जुड़े विषयों की जानकारी दी।
प्रतियोगिता में मिडिल स्कूल रिवागहन, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिवागहन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुम्डीबोड़, मिडिल स्कूल तुम्डीबोड़, सरस्वती विद्या मंदिर, एरॉन जेन्सन तुम्डीबोड़ और रॉयल किड्स कॉन्व�राजनांदगांव सहित आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

