भिलाई(अमर छत्तीसगढ़) , 18 सितंबर 2026, छत्तीसगढ़:- नारी शक्ति द्वारा संचालित अपने 90 वर्ष पूर्ण कर चुकी अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के उपलक्ष्य में “महिला महासम्मेलन” का आयोजन 21 सितंबर, सोमवार को दोपहर 3 बजे से सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
सेवाकेंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार महासम्मेलन का मुख्य विषय “आंतरिक शांति से सशक्त नारी – विश्व शांति की शिल्पकार” रखा गया है।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की आंतरिक शक्ति, आत्मविश्वास, आध्यात्मिक चेतना एवं सकारात्मक सोच को जागृत कर उन्हें परिवार, समाज और विश्व में शांति की स्थापना की सशक्त शिल्पकार बनाना है।
कार्यक्रम में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी चक्रधारी दीदीजी, महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्षा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी।
आप रूस में ब्रह्माकुमारीज की डायरेक्टर होने के साथ-साथ CIS, बाल्टिक स्टेट्स एवं मंगोलिया में ब्रह्माकुमारीज की सेवाओं की रीजनल को-ऑर्डिनेटर भी हैं।
रूस एवं पड़ोसी देशों में ब्रह्माकुमारीज की सेवाओं के विस्तार में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आंतरिक परिवर्तन एवं जीवन मूल्यों पर वे प्रेरणादायी वक्ता एवं मार्गदर्शिका के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्हें इंटरनेशनल वूमेन ऑफ कॉरेज अवॉर्ड(‘International Women of Courage Award’) सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

कार्यक्रम में आबू राज पर्वत से वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका डॉ. सविता दीदीजी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
ब्रह्माकुमारीज संस्था ने अपने 90 वर्षों के आध्यात्मिक यात्रा में निस्वार्थ भाव से विश्व के अनेक देशों में राजयोग मेडिटेशन आत्म-जागरूकता, एक विश्व एक परिवार,नैतिक मूल्यों एवं शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया है।
संस्था की विशेषता यह है कि इसके वैश्विक आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों में महिलाओं की महत्वपूर्ण एवं अग्रणी भूमिका रही है। नारी को शक्ति, करुणा, प्रेम, धैर्य, त्याग और आत्मविश्वास का स्वरूप मानते हुए संस्था निरंतर उसे आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

