बेमेतरा(अमर छत्तीसगढ़) 23 सितम्बर 2026- थाना बेरला क्षेत्रांतर्गत ग्राम सुरहोली-कुसमी मार्ग पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मजदूरों की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना बेरला पुलिस द्वारा मर्ग इंटीमेशन कायम कर शव पंचनामा की कार्यवाही की गई। मामले की जांच जारी है।
मामले का विवरण: सूचनाकर्ता पापन राजवंशी, पिता अमला राजवंशी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम धूमादिधी, थाना मालदा, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल ग्राम ढाबा, चौकी कंडरका, थाना बेरला, जिला बेमेतरा ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया।
सूचनाकर्ता ने बताया कि वह लेबर ठेकेदार का कार्य करता है। उसके भाई मनोज राजवंशी तथा पड़ोस के गांव के जगदीश राजवंशी सहित अन्य मजदूर ग्राम सुरहोली में टावर लगाने के कार्य में लगे हुए थे। दिनांक 23.09.2026 को सुबह करीब 8:00 बजे मनोज राजवंशी एवं जगदीश राजवंशी मोटरसाइकिल से ग्राम ढाबा से ग्राम सुरहोली टावर लगाने के कार्य से गए थे।
दोपहर करीब 1:00 बजे दोनों मजदूर लंच के दौरान ग्राम कुसमी से नाश्ता लेकर आने की बात कहकर मोटरसाइकिल से निकले थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमक रही थी। करीब 2:00 बजे ग्राम कुसमी से सुरहोली मार्ग पर डी बाउली तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे दोनों मजदूर मृत अवस्था में मिले।
घटना के संबंध में सुरहोली में टावर लगाने के कार्य में लगे पार्थ देव सरकार एवं संजीत सरकार से पूछताछ करने पर उन्होंने भी बताया कि तेज बारिश एवं आकाशीय बिजली के दौरान दोनों मजदूर उक्त मार्ग से ग्राम कुसमी की ओर गए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से मनोज राजवंशी के सिर एवं बाएं पैर में जलने एवं चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं मृतक जगदीश राजवंशी के कपड़े आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जलकर फट गए तथा उसके बाएं पैर में भी जलने एवं चोट के निशान पाए गए हैं।
मृतकों के नाम:-
- मनोज राजवंशी, पिता अमल राजवंशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम धूमादिधी, थाना मालदा, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल ग्राम ढाबा, चौकी कंडरका, थाना बेरला, जिला बेमेतरा।
- जगदीश राजवंशी, पिता मजम राजवंशी, उम्र 25 वर्ष, निवासी बंगाबरी, थाना मालदा, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल ग्राम ढाबा, चौकी कंडरका, थाना बेरला, जिला बेमेतरा। सूचक की रिपोर्ट पर थाना बेरला पुलिस द्वारा मर्ग इंटीमेशन कायम कर शव पंचनामा कार्यवाही की गई है। घटना के संबंध में आवश्यक जांच एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है।

