फाफामार में आंगन मिलन सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान का आयोजन… जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का किया गया सम्मान

फाफामार में आंगन मिलन सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान का आयोजन… जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का किया गया सम्मान


छुरिया(अमर छत्तीसगढ़) 28 सितंबर । महिला एवं बाल विकास परियोजना छुरिया के तत्वावधान में ग्राम फाफामार (गेंदाटोला) में आंगन मिलन सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना तथा पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजनांदगांव श्रीमती किरण रविंद्र वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के उपाध्यक्ष श्री प्रशांत ठाकुर ने की।


मुख्य अतिथि श्रीमती किरण रविंद्र वैष्णव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में महिला एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक देखभाल के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने क्षेत्र में समर्पित एवं निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत छुरिया के उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर ने केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र परिवारों को उनका लाभ समय पर मिले। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार लाभ उठाने का आह्वान किया।


महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी छुरिया श्रीमती मरकाम ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिका समृद्धि योजना, पोषण आहार, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा शासन की योजनाओं से जुड़ने के लिए आवश्यक जानकारी भी साझा की।


इस अवसर पर पर्यवेक्षक श्रीमती भारती पोर्ते, सरपंच त्रिवेणी बाई, ग्राम पटेल सुकृत साहू, उपसरपंच दिलीप साहू, दूधेलाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ सेवा एवं जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Chhattisgarh