राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 10 अक्टूबर । नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष भी चैतन्य देवियों की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण में देवियों के दर्शन का अवसर मिलेगा। आयोजन ब्रह्माकुमारीज के नवनिर्मित भवन ज्ञान मानसरोवर में किया जाएगा।
चैतन्य देवियों की झांकी का आयोजन 11 अक्टूबर रविवार से 19 अक्टूबर सोमवार तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालु झांकी के दर्शन कर सकेंगे। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन के माध्यम से देवी स्वरूपों की झांकी के साथ आध्यात्मिक संदेश और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से नवरात्रि के दौरान ज्ञान मानसरोवर पहुंचकर चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन करने का आग्रह किया है।
यह जानकारी ब्रह्माकुमारीज राजनांदगांव सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी जी ने दी। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित यह झांकी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराने का माध्यम बनेगी।

