दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 17 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ कूडो एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में एकेडमी 360° दुर्ग में आयोजित एक माह के विशेष कूडो प्रशिक्षण शिविर का 15 अक्टूबर को समापन हुआ। 16 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चले इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 130 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 नवंबर 2026 से आयोजित होने वाली 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह में नगर निगम दुर्ग के पार्षद श्री रामचंद्र सेन, दुर्ग चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री अनुप गटागट एवं महिला विंग की अध्यक्षा डॉ. मानसी गुलाटी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

शिविर में मुख्य प्रशिक्षक राजा कौशल, प्रशिक्षक लिलीमा सोनी, भूपत साहू एवं मनीष कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को उन्नत तकनीकों, शारीरिक दक्षता, आत्मरक्षा एवं प्रतियोगिता की रणनीतियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
समारोह में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी, उनके अभिभावक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। एकेडमी 360° ने इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएँ दीं।

