राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 11 नवंबर । श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा आयोजित अन्नकूट महामहोत्सव में हजारों भक्तों ने भगवान श्री सत्यनारायण के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर अन्नकूट महाप्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर एवं धर्मशाला परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। भगवान के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा किए जाने की पौराणिक घटना की स्मृति से जुड़ा है। जब इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासी मूसलाधार बारिश से संकट में आ गए थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी की रक्षा की थी। अन्नकूट महोत्सव इसी प्रसंग के माध्यम से प्रकृति और अन्न के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।

अद्भुत और अलौकिक श्रृंगार के भक्तों ने किए दर्शन
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया, श्याम खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल बालाजी एवं विजय खंडेलवाल ने बताया कि भगवान श्री सत्यनारायण का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। वर्षों से निरंतर भगवान के दर्शन करने वाले भक्तों द्वारा महाआरती उतारी गई तथा भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया।
राधा-कृष्ण और गोवर्धननाथ का भव्य दरबार
श्री सत्यनारायण धर्मशाला में भगवान राधा-कृष्ण एवं गोवर्धननाथ जी का भव्य दरबार सजाया गया। अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर अनेक प्रकार की सब्जियों को मिलाकर तैयार की गई सब्जी, पूड़ी एवं बूंदी का भोग भगवान श्री सत्यनारायण को अर्पित किया गया। इसके पश्चात उपस्थित हजारों भक्तों को अन्नकूट महाप्रसाद वितरित किया गया।
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के भवन व्यवस्था प्रभारी नीतीश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एवं ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था व्यवस्थित रूप से की गई, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सहजता से प्रसाद ग्रहण किया।

सेवा भाव से जुटे रहे स्वयंसेवक
समिति के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य विष्णु लोहिया एवं अशोक लोहिया ने कहा कि अन्नकूट पर्व प्रकृति, अन्न, जल एवं गौ माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानने का संदेश देता है।
महाप्रसाद वितरण के दौरान समिति के स्वयंसेवक पूरे सेवाभाव के साथ जुटे रहे। धर्मशाला के मैनेजर आनंद वासनिक एवं गुलशन सिन्हा की भी व्यवस्था में विशेष भूमिका रही। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरण से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई। भक्तों ने स्वयंसेवकों की सेवाभावना की सराहना करते हुए महाप्रसाद ग्रहण किया। यह जानकारी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।

