रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 19 नवंबर। ओडिशा के कांटाबांजी स्थित सुरभि गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में खैरागढ़ की मनोहर गौशाला का जैविक कृषि मॉडल आकर्षण का केंद्र रहा। गौशाला के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने किसानों को गौ आधारित जैविक खेती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने फसल अमृत और ऑर्गेनिक गोल्ड बनाने की विधि सिखाई। साथ ही रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने के उपाय बताए।
डॉ. जैन ने बताया कि फसल अमृत गोमूत्र, नीम और सीताफल की पत्तियों से तैयार होता है। वहीं, ऑर्गेनिक गोल्ड गोबर, गोमूत्र और प्राकृतिक घटकों से बनने वाली जैविक खाद है। इनका उद्देश्य मिट्टी की गुणवत्ता सुधारना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। किसानों को स्थानीय संसाधनों से दोनों उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. जैन ने कहा कि गौशालाओं को गोसेवा के साथ जैविक कृषि, अनुसंधान और किसान प्रशिक्षण का केंद्र बनाना चाहिए। मनोहर गौशाला का लक्ष्य इन विधियों का निःशुल्क प्रशिक्षण देशभर के किसानों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पावन सानिध्य स्वामी वृत्तानंद सरस्वती जी, गुरुकुल आश्रम, खरियार रोड का रहा। मुख्य अतिथि डॉ. अखिल जैन, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. राकेश मिश्रा, भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सुरभि गौशाला के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल (गुड्डू), सचिव अजित जैन और संयोजक अशोक छापड़िया सहित किसान एवं गौभक्त उपस्थित रहे। इस दौरान गौपूजन भी किया गया।

