इंद्रावती भवन में दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित, 65 महिला कर्मचारियों एवं पेंशनरों का हुआ सम्मान

इंद्रावती भवन में दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित, 65 महिला कर्मचारियों एवं पेंशनरों का हुआ सम्मान

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 19 नवंबर । प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के ऑडिटोरियम में दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा तथा कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन उपस्थित रहीं।


इस अवसर पर इंद्रावती भवन में कार्यरत विभिन्न विभागों की 65 महिला कर्मचारियों एवं पेंशनरों को उनके योगदान और सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।


दर्शकदीर्घा में पहुंचकर मुख्य अतिथि ने बढ़ाया महिलाओं का सम्मान
समारोह का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा मंच से उतरकर सीधे दर्शकदीर्घा में पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिला कर्मचारियों से आत्मीय परिचय प्राप्त किया और सम्मानित होने पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मंत्री दर्जा प्राप्त अतिथि का स्वयं चलकर महिलाओं के बीच पहुंचना महिला कर्मचारियों के लिए एक सुखद और यादगार अनुभव रहा। इस आत्मीय पहल ने समारोह में उपस्थित महिलाओं के उत्साह और आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान की।
महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित रहा डॉ. वर्णिका शर्मा का उद्बोधन

अपने संबोधन में डॉ. वर्णिका शर्मा ने महिला सशक्तिकरण, समाज, कार्यालय और परिवार में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने देशभक्ति गीतों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों एवं स्कूली विद्यार्थियों से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए महिलाओं की सामाजिक जिम्मेदारी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।

मोना सेन ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और मां के महत्व पर रखे विचार

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सभ्यता पर अपने विचार रखे। महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में उन्होंने मां के त्याग, ममता और समर्पण को विशेष रूप से रेखांकित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मां पर आधारित लोकप्रिय फिल्मी गीत ‘तू कितनी अच्छी है, तू कितनी भोली है’ गाकर सुनाया। उनकी इस प्रस्तुति ने समारोह को भावनात्मक और आत्मीय बना दिया।

मंत्री दर्जा प्राप्त दोनों अतिथियों ने श्री अटेरीय के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इंद्रावती भवन में महिलाओं का सम्मान कर इतिहास लिखा गया है। अपने कर्त्तव्य स्थल में विभागीय अधिकारियों की गरिमा में उपस्थिति में सम्मानित होना हर एक महिला के लिए गर्व की बात है ।

कार्यक्रम को महिला कोष की महाप्रबंधक निशा मिश्रा, प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह अटरिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक दिलदार सिंह मेरावी तथा पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांत अध्यक्ष डॉ. डी.पी. मनहर ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने महिला कर्मचारियों के योगदान, उनके अधिकारों, सम्मान और सामाजिक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

L
विद्याभूषण दुबे ने किया मंच संचालन
पूरे कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन विद्याभूषण दुबे ने किया। दीपावली मिलन के उल्लास, महिला सशक्तिकरण के संदेश और 65 महिला कर्मचारियों एवं पेंशनरों के सम्मान के साथ समारोह संपन्न हुआ।

Chhattisgarh