राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 19 नवंबर । श्री श्याम भरोसे परिवार द्वारा स्थानीय श्री हनुमान श्याम मंदिर में खाटू वाले श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर पंच दिवसीय महोत्सव 17 नवंबर से 21 नवंबर तक बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है । महोत्सव के प्रथम दिवस 17 नवंबर को मेंहदी महोत्सव में सैकड़ों भक्त , माता – बहनों ने अपने हाथो में श्याम नाम की मेहंदी लगवाकर अपने प्रभु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की ।
रात्रि 08:10 बजे से हनुमंत सेवक गणेश मिश्रा द्वारा श्री सुंदरकांड का पाठ संपन्न हुआ । द्वितीय दिवस 18 नवंबर को श्री श्याम कुटी रामाधीन मार्ग से भव्य निशान यात्रा निकाली गई , निशान यात्रा में माता – बहनों एवं बंधुओं में धर्म ध्वजा उठाने होड़ मच गई । सैकड़ों भक्तों ने नृत्य करते हुए निशान उठाकर श्याम प्रभु के जयकारे लगाए ।
निशान यात्रा के पूर्व गंगा आरती की तर्ज पर श्याम प्रभु की महाआरती की गई , जिसकी हर भक्त ने सराहना की । कार्तिक शुक्ला दशमी 19 नवंबर को कटिहार (बिहार) के श्याम सेवक आदर्श दाधीच ने अपनी ओजस्वी वाणी से भजनों की ऐसी अमृत गंगा प्रवाहित की , जिसमें स्नान करने भक्तों के बीच नृत्य करने की होड लग गई ।
आज कार्तिक शुक्ल एकादशी 20 नवंबर शुक्रवार को श्रीश्याम प्रभु का जन्मोत्सव है , जन्मोत्सव पर भव्य भजन संध्या आयोजित की गई है । जिसमें लक्ष्मणगढ़ ( राजस्थान ) के सुप्रसिद्ध श्याम दीवाने प्रेम शर्मा अपनी ओजस्वी वाणी से सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर अमृत गंगा प्रवाहित करेंगे ।
श्री श्याम भरोसे परिवार के राजेश शर्मा, अमित खंडेलवाल, बंसी अग्रवाल, योगेश लोहिया, संतोष बावरिया, संतोष पुरोहित, श्याम अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल ( महाकाल भक्त ) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पिछले तीन दिवस से श्री श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित मेंहदी उत्सव , सुंदरकांड पाठ , निशान यात्रा एवं दशमी को आदर्श दधीच की भजन संध्या में भक्त माता – बहनों एवं बंधुओं ने उत्साह से भाग लेकर महोत्सव को यादगार बना दिया । आदर्श दधीच के ओजस्वी भजनों को सुनकर भक्त भावविभोर होकर नृत्य करने लगे ।
श्री श्याम भरोसे परिवार के सदस्य केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा एवं मनदीप सिंह झज ने जानकारी दी कि आज श्री श्याम जन्मोत्सव एकादशी की भव्य श्रृंगार सेवा के लाभार्थी लोकेश – भावेश अग्रवाल ( स्व. राधाकिशन जी अग्रवाल परिवार ) है । छप्पनभोग की सेवा के लाभार्थी आशीष दिलीप कुमार सरावगी परिवार है तथा आज की प्रसादी सेवा के लाभार्थी मधुसूदन ओमप्रकाश अग्रवाल परिवार है ।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संस्कारधानी नगरी में खाटू वाले श्याम प्रभु का जन्मोत्सव अनेक वर्षों से भक्तिभाव एवं श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है । श्री श्याम भरोसे परिवार द्वारा आगे बताया गया है कि मुख्य समारोह श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर आज 20 नवंबर को भव्य भजन संध्या रात्रि 8:15 बजे से आयोजित है । जिसमें लक्ष्मणगढ़ के सुप्रसिद्ध श्याम सेवक प्रेम शर्मा अपनी सुमधुर वाणी से भजनों की फुहार से भक्तों को अमृत स्नान कराएंगे ।
भजन के दौरान संगीत की शानदार प्रस्तुति दुर्ग के सुप्रसिद्ध निर्मल ग्रुप द्वारा दी जाएगी । महोत्सव का सीधा प्रसारण BBSS Live से किया जावेगा , जिससे भक्तगण जो किसी कारणवश महोत्सव में नहीं पहुंच पा रहे हो वे घर बैठे भी भजनों का आनंद उठा सकते हैं ।
आयोजन समिति ने नगर के श्रद्धालु माता – बहनों एवं बंधुओ से आग्रह किया है कि श्री श्याम जन्मोत्सव पर आयोजित चतुर्थ दिवस कार्तिक शुक्ल एकादशी को बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर आयोजित भजन संध्या में सम्मिलित होकर एवं तन – मन – धन से सहयोग कर पुण्य लाभ प्राप्त करें ।

