कैलाश श्रीवास्तव की तीन पुस्तकों का विमोचन.. वक्ताओं ने कहा – जीवन संघर्षों से उपजी कविताएं और व्यंग्य संवेदनाओं को कुरेदते हैं

कैलाश श्रीवास्तव की तीन पुस्तकों का विमोचन.. वक्ताओं ने कहा – जीवन संघर्षों से उपजी कविताएं और व्यंग्य संवेदनाओं को कुरेदते हैं

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 23 नवंबर / छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष रवि श्रीवास्तव ने कहा है कि कैलाश श्रीवास्तव की कविताएं सहज, सरल एवं संप्रेषणीय हैं जबकि उनके व्यंग्य आजादी के बीते 75 सालों का लेखा जोखा है ।
श्री श्रीवास्तव रविवार को यहां प्रगतिशील लेखक संघ की राजनांदगांव इकाई द्वारा आयोजित नगर के साहित्यकार कैलाश श्रीवास्तव की तीन पुस्तकों क्रमशः धूप में पेड़ की छाँव और बारिश में धूप (काव्य संग्रह) तथा साहित्य के मरीज (व्यंग्य संग्रह) के विमोचन समारोह के अवसर पर बोल रहे थे । श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूदा दौर में पूंजीपति गब्बर सिंह और जनता बसंती हो गई है । मनुष्य सिर्फ और सिर्फ ग्राहक बनकर रह गया है ।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष नथमल शर्मा (बिलासपुर) ने कहा कि हमें स्वीकार कर लेना चाहिए कि लोग अब किताबें नहीं पढ़ते हैं । रील और सोशल मीडिया के इस दौर में किसी रचनाकार की एक साथ तीन किताबों का विमोचन राजनांदगांव में ही संभव है । किताबों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए । जब तक साहित्य बैचेन नहीं करता तब तक हमारा लिखना पढ़ना बेकार है । उन्होंने कहा कि वर्तमान में सत्ता और पूंजी एक दूसरे की पोषित कर रहे हैं । साहित्य राजनीति का विकल्प नहीं हो सकता लेकिन लोगों को सवाल पूछना जारी रखना चाहिए़।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कथाकार लोक बाबू ने कहा कि राजनांदगांव में साहित्य की सभी विधाओं के रचनाकार हैं । उन्होंने कहा कि कैलाश श्रीवास्तव एक सुलझे हुए लेखक और कवि हैं । कैलाश श्रीवास्तव मानते हैं कि लेखन व्यापार की वस्तु नहीं है बल्कि एक तपस्या है । उन्होंने कहा कि डरपोक आदमी व्यंग्य कभी नहीं लिख सकता । कैलाश श्रीवासव ने अपने व्यंग्य ने नए नए मुहावरे गढ़े हैं जो हमारी संवेदनाओं को कुरेदते हैं ।
साहित्यकार डॉ. दादूलाल जोशी ने कहा कि कैलाश श्रीवास्तव की कविताएं जीवन संघर्षों से उपजी कविता है । समाज और लोगों के चरित्र को उन्होंने बारीकी से देखा है इसलिए जीवन का यथार्थ उनकी कविताओं में है । जीवन जैसा होता है, रचनाएं भी वैसी ही होती है । उनकी कविताओं में कला जीवन के लिए है । मुक्तिबोध की परम्परा को कैलाश श्रीवास्तव ने कहीं कहीं स्पर्श किया है ।
राजशेखर चौबे ने कहा कि लेखक की विचारधारा का पता उनकी व्यंग्य की भाषा से लग जाता है ।
साहित्यकार कैलाश श्रीवास्तव ने विमोचन समारोह ने पधारे सभी विद्वतजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम जिस दौर से गुजर रहे हैं उसका सामना करने में मैं स्वयं को असमर्थ पा रहा रहा हूं ।
इसके पूर्व मंचस्थ अतिथियों ने कैलाश श्रीवास्तव की तीन पुस्तकों क्रमशः धूप में पेड़ की छाँव और बारिश में धूप (काव्य संग्रह) तथा साहित्य के मरीज (व्यंग्य संग्रह) का विमोचन किया । अतिथियों का पुष्प गुच्छ और शाल से अभिनंदन किया गया ।
इस अवसर पर प्रख्यात शायर अब्दुस्सलाम कौसर, प्रलेस की राजनांदगांव इकाई के अध्यक्ष प्रभात तिवारी, प्रोफेसर थानसिंह वर्मा, कुबेर साहू, अजय चंद्रवंशी, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, मुन्ना बाबू, सुधीर ठाकुर, समयलाल विवेक, नरेंद्र कुलमित्र, विनय शरण सिंह, यशपाल जंघेल, महेंद्र बघेल, हरेन्द्र कंवर, अनीस अहमद, भिलाई इप्टा के राजेश श्रीवास्तव, मणिमय मुखर्जी, रायपुर के निसार अली सोम गोस्वामी, अधिवक्ता संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार उपस्थित थे । कार्यक्रम का संचालन लालचंद सिन्हा ने एवं आभार प्रदर्शन प्रलेस के राजनांदगांव इकाई के सचिव पोषणलाल वर्मा ने किया ।

Chhattisgarh