रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 10 अप्रैल। गुजरात में कांग्रेस का दो दिनी राष्ट्रीय अधिवेशन आज संपन्न हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अधिवेशन में कहा है कि, जो लोग सक्रिय नहीं हैं वो पदों से हट जाएं। इस पर छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने कहा है कि, जो काम नहीं करते वो खुद से कभी जगह नहीं छोड़ेंगे। इसके बजाय पार्टी में परफॉर्मेंस बेस्ड एसेसमेंट सिस्टम होना चाहिए।
श्री सिंहदेव ने कहा- इसी आधार पर एक्शन, परिवर्तन पार्टी में होना चाहिए। मैं 72 साल का हूं… लेकिन मुझमें अभी भी ऊर्जा है। मैं लगातार काम कर सकता हूं। आगे उन्होंने कहा- नए लोग किसी भी उम्र के हों परफॉर्मेंस ही पदों का आधार होना चाहिए। कोई युवा है और परफॉर्म नहीं कर पा रहा तो क्या मतलब।
छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता गुजरात अधिवेशन से आज लौटेंगे। प्रदेश के 50 नेता कांग्रेस अधिवेशन में शामिल हुए थे। सभी नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ लौट रहे हैं। दोपहर 1 बजे अहमदाबाद से रायपुर पहुंचेंगे।