ग्रामीणों ने घेरा आईजी दफ्तर-कलेक्‍टोरेट : ग्रामीणों ने की मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने की मांग, कांग्रेस ने राजनीतिक संरक्षण देने का लगाया आरोप

ग्रामीणों ने घेरा आईजी दफ्तर-कलेक्‍टोरेट : ग्रामीणों ने की मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने की मांग, कांग्रेस ने राजनीतिक संरक्षण देने का लगाया आरोप

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 16 जून। मोहड़ गोलीकांड में मुख्‍य आरोपित संजय सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण सोमवार को आईजी कार्यालय और कलेक्‍टोरेट पहुंचे। कांग्रेसी नेताओं के साथ प्रदर्शन करते हुए उन्‍होंने मुख्‍य सरगना संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर हल्‍ला बोला। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे मामले में राजनीतिक संरक्षण के चलते ही आरोपियों को प्रशासनिक संरक्षण मिलने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों ने आइजी अभिषेक शांडिल्‍य से मुलाकात कर मामले के मुख्‍य सरगना संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई को अपनी बात रखी। उन्‍होंने पुलिस प्रशासन से सवाल करते हुए पूछा कि, संजय सिंह कहां है। ग्रामीणों ने जल्‍द से जल्‍द उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।

भीड़ में बड़ी संख्‍या में महिलाएं भी मौजूद थी। इस दौरान ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्‍यक्ष भागवत साहू, कांग्रेस नेता जितेंद्र मुदलियार, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्‍ले और अन्‍य कांग्रेसी भी उपस्थित थे।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्‍यक्ष भागवत साहू ने कहा कि, सारे खुलासे होने के बाद भी मुख्‍य आरोपियों के खिलाफ पुलिस कुछ नहीं कर सकी है। घटना को 4 दिन बीत चुके हैं लेकिन मुख्‍य सरगना का कोई अता पता नहीं है। अलबत्‍ता पुलिस अधिकारियों की संलिप्‍तता ही इसमें सामने आ रही है।

ग्रामीणों के साथ पहुंचे जितेंद्र मुदलियार ने प्रशासन को कड़े तेवर दिखाए। यहां उन्‍होंने कहा कि, संजय सिंह कौन के सवाल पर डॉ. रमन सिंह मौन हैं। साफ हो चुका है कि, सत्‍तापक्ष के संरक्षण में संस्‍कारधानी में माफिया, गुंडे पाले जा रहे हैं जो निर्दोष ग्रामीणों पर गोली चलाने से भी नहीं हिचकते। राजनीतिक संरक्षण के चलते ही प्रशासनिक संलिप्‍तता और उनकी भागीदारी इसमें सामने आ रही है।

यह शर्मनाक है कि, जिला प्रशासन, पुलिस आरोपितों को पोषित कर रही है। गृहमंत्री विजय शर्मा के प्रभार जिले में ऐसी करतूत सामने आने के बाद भी उन्‍होंने एक शब्‍द नहीं कहा। पूरा सिस्‍टम इस मामले में शामिल है।

कांग्रेस ब्‍लाक अध्‍यक्ष आसिफ अली और सूर्यकांत जैन ने भी संजय सिंह की अब तक गिरफ्तारी ने होने को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए। उन्‍होंने कहा कि, अतुल तोमर को गिरफ्तार तो किया गया है लेकिन अब तक न बंदूक बरामद की गई है और न ही उसके साथियों का अता पता है।

इधर, ग्रामीणों ने आइजी अभिषेक शांडिल्‍य से मुलाकात की और पुलिस प्रशासन के अधिकारियो पर मामले में संलिप्‍तता के आरोप लगाए। निलंबित निरीक्षक सत्‍यनारायण देवांगन को प्रकरण में आरोपी बनाने की मांग की है।

उन्‍होंने कहा कि, जिन जिन के नाम सामने आ रहे हैं उन पर सख्‍त कार्रवाई हो। जिस संजय सिंह को मुख्‍य सरगना बताया जा रहा है उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किए जाने से भी ग्रामीण आक्रोशित हैं।

भीड़ इसके बाद कलेक्‍टोरेट पहुंची। यहां उन्‍हें परिसर के बाहर ही रोक दिया गया जिसके बाद शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने खनिज विभाग के अधिकारियों पर जमकर आरोप लगाए। उन पर रेत तस्‍करों को पनाह देने का गुस्‍सा फूटा।

Chhattisgarh