सचिन पायलट की PC : कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा, बोले- किसानों की मदद नहीं कर रही सरकार

सचिन पायलट की PC : कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा, बोले- किसानों की मदद नहीं कर रही सरकार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 24 जून। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने मंगलवार को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। पार्टी के नेताओं में अंदरूनी मतभेद पर उन्होंने कहा कि, हमारे सभी नेता एकजुट हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। पायलट ने कहा- जिन मुद्दों पर BJP ने वोट मांगे, उस पर विफल रही है। सिर्फ डेढ़ साल में ही सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। इसीलिए कभी प्रधानमंत्री, कभी गृहमंत्री को लाना पड़ता है।

सचिन पायलट ने प्रदेश में खाद की समस्या को लेकर कहा- आज सबसे बड़ी समस्या ये है कि, डीएपी खाद नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। सरकार किसानों को कोई मदद नहीं कर पा रही है। भाजपा किसानों की तरफ से मुंह फेर चुकी है। पहली बार ऐसा हुआ कि एसपी ऑफिस में आग लगा हो, राजधानी में पिछले डेढ़ साल में 6 बार गोलियां चल चुकी है।

सचिन पायलट प्रदेश ने कहा- कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। हमारी सरकार की 17 योजनाओं को बंद कर दिया। युवाओं को आज रोजगार नहीं मिल पा रहा है। भाजपा को कांग्रेस के मजबूत होने से सबसे बड़ा भय है। हमारे नेताओं पर केस कर कमजोर करने की कोशिश हो रही है। वक्त एक जैसा नहीं रहता, इतिहास में कभी नहीं हुआ किसी पार्टी का दफ्तर सीज हुआ हो।

पायलट ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा पर हमला किया। उन्होंने कहा- दिल्ली से जो सीख भाजपा नेताओं को मिली उसे आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। 7 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आएंगे, साइंस कॉलेज मैदान में सभा आयोजित की जाएगी।

किसान, जवान, संविधान सभा को खड़गे संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेताओं के बीच मनमुटाव की खबरों के बीच सचिन पायलट ने कहा- कोई लाख कोशिश करे ये दिखाने की हम सब जो यहां बैठे हैं उनमें मतभेद है तो इसको भूल जाएं, हम सब एकजुट होकर काम करते आये हैं, आगे भी करेंगे।

Chhattisgarh