वन कटाई के विरोध में ग्रामीण : ग्रामीणों को समर्थन देने पहुंची कांग्रेस विधायक गिरफ्तार

वन कटाई के विरोध में ग्रामीण : ग्रामीणों को समर्थन देने पहुंची कांग्रेस विधायक गिरफ्तार

रायगढ़(अमर छत्तीसगढ) 26 जून। छत्तीसगढ़ के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के मुड़ागांव और आसपास के जंगलों के पेड़ कटाई के विरोध में गुरुवार की सुबह ग्रामीणों का समर्थन करने पहुंची लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में जंगल की कटाई का विरोध एक दर्जन से भी अधिक गांव के लोग बीते एक महीने से कर रहे हैं।

आज सुबह ग्रामीणों के समर्थन में लैलूंगा कांग्रेस विधायक विद्यावती सिडार पहुंची थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांव के लोगों ने विधायक की गिरफ्तारी का विरोध किया है।

तमनार क्षेत्र के मुडागांव में एक उद्योग समूह की एक परियोजना के लिए जंगल की कटाई शुरू की गई है। इस कार्य के लिए सैकड़ों पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में घने जंगल और जैव-विविधता से भरपूर वन क्षेत्र हैं, जो न केवल पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय आदिवासी समुदायों की आजीविका का भी आधार है।

पेड़ों की कटाई की खबर के बाद ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है। कई लोगों ने इसे पर्यावरण के साथ-साथ उनकी संस्कृति और आजीविका पर हमला बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कटाई के लिए उनकी सहमति नहीं ली गई और न ही इसकी पर्याप्त जानकारी दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जंगलों का विनाश किया जा रहा है।

Chhattisgarh