रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 29 जून। पीसीसी चीफ दीपक बैज रविवार को राजीव भवन में NSUI की बैठक ले रहे थे। लेकिन इसी बीच उनका मोबाईल गायब हो गया। मोबाईल गायब होते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और राजीव भवन में खोजबीन शुरू हो गई।
दरसअल, पीसीसी चीफ दीपक बैज आज रविवार को एनएसयूआई की बैठक ले रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें अचानक फोन गायब होने की खबर मिली। जिसके बाद देखते ही देखते पूरे भवन में हलचल मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिसके बाद कार्यकर्ता खोजबीन में जुट गए, लेकिन फोन नहीं मिला। वहीं खम्हारडीह थाना प्रभारी और साइबर की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
बैज बोले- राजीव भवन ही नहीं, पूरा प्रदेश नहीं सुरक्षित
मिडिया से बातचीत करते हुए पीसीसी चीफ श्री बैज ने कहा कि, मीटिंग के बाद मेरा फोन कहीं खो गया है। या उसे मैंने कहां रखा है यह याद नहीं है। फोन में ज्यादा कुछ इंपॉर्टेंट चीज नहीं थी, लेकिन गांव से लेकर दिल्ली तक बहुत सारे कांटेक्ट नंबर थे। बस उसी की चिंता है, क्योंकि अब नए सिरे से फिर कांटेक्ट जोड़ना पड़ेगा। उसमें मेरे लोकसभा और कार्यक्रमों के फोटो वीडियो भी थे।
उन्होंने आगे कहा कि, हो सकता है यह फोन किसी के हाथ में लग गया हो, इसलिए उसे बंद चालू किया जा रहा है। बैज ने कहा कि, राजीव भवन नहीं बल्कि पूरा प्रदेश ही सुरक्षित नहीं है। हमारे कार्यकर्ताओं में सलेक्टेड लोग आए थे। उन्होंने ऐसा नहीं किया है। हो सकता है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति भीड़ में घुस गया हो उसने ऐसा किया हो।

