राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 2 जुलाई।
मोहला-मानपुर एवं अंबागढ़ चैकी जिले के मोहला विकासखण्ड के सुदूर वनांचल एवं जिले के अंतिम सीमा पर स्थित आदिवासी बहुल तथा सुविधाविहीन ग्राम मड़ियानवाड़वी के अत्यंत होनहार विद्यार्थी किंशन शोरी का शिक्षा सत्र 2025-26 में जवाहर नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयनित हुआ है।
जिले के सुविधाविहीन एवं दूरस्थ क्षेत्र के एक बहुत ही साधारण परिवार के इस होनहार विद्यार्थी के जवाहर नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल जैसे अत्यंत प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में चयन होने पर अंचल में हर्ष व्याप्त है।
अंचलवासियों ने छात्र किंशन की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
उल्लेखनीय है कि छात्र किंशन शोरी के पिता लखन शोरी पटवारी के पद पर अंबागढ़ चैकी तहसील के कौड़ीकसा हल्का में पदस्थ है। इसके अलावा वे पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष के अलावा आदिवासी समाज के प्रमुख पदों का भी निर्वहन कर रहे हैं।
किंशन एवं उनका परिवार बहुत ही सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते है। किंशन के इस उपलब्धि के पीछे उनके पिता लखन एवं उनके परिवार के कठोर मेहनत, समय का सदुपयोग एवं शिक्षा के प्रति असीम अनुराग का प्रतिफल है।

