बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में छात्रों से दुर्व्यवहार और धमकी देना जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को भारी पड़ गया है। शिक्षकों की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार की शिकायत सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया है। अब संजय गुहे को बलौदाबाजार का नया जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि, बलौदा बाजार से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित नगर पंचायत टूद्रा से छात्र-छात्राएं शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर जिला कार्यालय पहुंचे थे।
वहां मौजूद हिमांशु भारतीय ने उन्हें धमकी भरे लहजे में कहा था कि, जो करना है कर लो, आपकी मांगें पूरी नहीं होंगी और छात्रों को कार्यालय से बाहर जाने के लिए भी कह दिया था। जिसके बाद हरिभूमि डॉट कॉम ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारी को पद से हटा दिया है।

