ट्रेन से गिरकर ITBP जवान की मौत : उतरते समय ट्रेन में फंस गया बैग, असंतुलित होकर गिरे नीचे

ट्रेन से गिरकर ITBP जवान की मौत : उतरते समय ट्रेन में फंस गया बैग, असंतुलित होकर गिरे नीचे

बालोद(अमर छत्तीसगढ) 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम डारागांव निवासी ITBP के जवान तुलेश उर्वशा की ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी। सोमवार सुबह 7 बजे उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम डारागांव लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीणों ने वीर जवान को श्रद्धांजलि देकर अंतिम विदाई दी।

मिली जानकारी के अनुसार, ITBP के जवान तुलेश उर्वशा दिल्ली से ट्रेनिंग पूरी कर पंजाब के जालंधर स्थित अपनी यूनिट लौट रहे थे। शुक्रवार को ट्रेन से उतरते वक्त उनका बैग ट्रेन में फंस गया और संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद उनके साथियों ने उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी तो मिल गई, लेकिन कुछ ही देर में तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया।

तुलेश उर्वशा ने साल 2014 में ITBP जॉइन किया था. करीब दो साल पहले उनका विवाह हुआ था, और उनकी 8 माह की एक बेटी है। घर में वे इकलौते पुत्र थे। दो दिन बाद सोमवार सुबह 7 बजे उनका पार्थिव शरीर रायपुर होते हुए उनके गृहग्राम डारागांव लाया गया।

रायपुर में श्रद्धांजलि देने के बाद ITBP के अधिकारी और जवान पार्थिव शरीर को लेकर गांव पहुंचे। गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी के साथ विदाई दी गई।

जवान के अंतिम दर्शन के लिए गांव उमड़ पड़ा। जैसे ही शव गांव पहुंचा, माता-पिता और पत्नी बदहवास हो उठे। उनकी हालत देख पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। हमेशा के लिए खामोश हो गए वीर जवान को श्रद्धांजलि देते हुए डारागांव सहित आस-पास से लोगों ने अंतिम विदाई दी।

Chhattisgarh