गरियाबंद(अमर छत्तीसगढ) 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूतेश्वर नाथ दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की कार सरगी नाले के पुल से नीचे गिर गई। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ है। जब बिलाईगढ़-भटगांव से गरियाबंद की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात ड्राइवर को झपकी आने से कार बेकाबू होकर नाले में गिर गई और डोर लॉक होने से 5 लोग अंदर ही फंसे रह गए। सुबह लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया।
तब तक भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हैं। सभी लोग बिलाईगढ़ से भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।

मरने वालों की पहचान बिलाईगढ़ जिले के भटगांव निवासी लोकेश साहू (35) और पंकज दास मानिकपुरी (38) भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई है। हादसे में अन्य तीन लोग गंभीर र्रोप से घायल हैं। यह पूरी घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है। कार में बिलाईगढ़ से 5 लोग सवार होकर गरियाबंद के भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान रविवार देर रात 2 बजे कार चला रहे पंकज दास को झपकी आ गई। जिस कारण कार एक पत्थर से टकराकर सीधे नाले में गिर गई।
बताया जा रहा है कि, कार के नाले में गिरने से सभी गेट लॉक हो गए। जिससे पांचों लोग अंदर ही फंस गए। वो रात भर चीखते-चिल्लाते रहे। जब सुबह करीब 5 से 6 बजे लोग शौच के लिए नाले के पास पहुंचे, तो उनकी नजर कार पर पड़ी।
जिसके बाद गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

