राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 22 अक्टूबर । संस्कारधानी राजनांदगांव के श्री सत्यनारायण मंदिर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर को विविध धार्मिक आयोजन होंगे। प्रातः भगवान श्री सत्यनारायण का दुग्धाभिषेक, कथा एवं महाआरती के साथ रात्रि में स्वरांजलि भजन संध्या ग्रुप की सुमधुर भक्ति संध्या आयोजित की जाएगी। मंदिर समिति द्वारा विगत 105 वर्षों से शरद पूर्णिमा पर खीर महाप्रसाद वितरण की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।
शरद पूर्णिमा की शीतल चांदनी में रात्रि 8 बजे से स्वरांजलि भजन संध्या ग्रुप द्वारा भक्ति संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इसमें भजन गायक जितेंद्र भाई एवं गोपाल भाई सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। भक्ति संगीत से मंदिर परिसर भक्तिमय होगा और श्रद्धालु भजनों के माध्यम से प्रभु भक्ति में सराबोर होंगे।

रात्रि 12 बजे भगवान श्री सत्यनारायण की महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को अमृतमयी खीर महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। समिति द्वारा 105 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को आस्था, सेवा और धार्मिक समरसता का प्रतीक बताया गया।

