राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 13 अगस्त । दो दिन बाद उत्साह के साथ मनाए जाने वाले स्वतंत्रता पर्व से पूर्व बच्चों के उत्साह वर्धन के लिए उन्हें पाठ्य सामग्री का उपहार दिया गया । नांदगांव शिक्षा मंडल के सचिव अनिल वार्ष्णेय, विधि महाविद्यालय के प्रशासक डॉ. आर एन सिंह की उपस्थिति में कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र लूनिया ने बच्चों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर संतोष जाहिर किया।
अंबागढ़ चौकी इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत मिश्रा ने बताया कि नांदगांव शिक्षा मंडल के पदाधिकारियों द्वारा समय – समय पर स्कूल में कराए जा रहे अध्यापन कार्य एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली जाती है ।
इसी संदर्भ में आज स्कूल संचालक नांदगांव शिक्षा मंडल के सचिव अनिल वार्ष्णेय एवं विधि महाविद्यालय के प्रशासक डॉ. आर एन सिंह के साथ कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र लूनिया ने स्कूल का मुआयना किया ।
श्री लूनिया ने अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया । स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर बच्चों का मुंह भी मीठा कराया गया । सभी बच्चों ने उपहार प्राप्त कर अतिथियों का धन्यवाद किया ।

