बीजापुर(अमर छत्तीसगढ) 18 अगस्त। एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सर्चिंग के लिए निकले जवानों को नक्सलियों ने निशाना बनाया है। तीन से चार जवान जब सर्चिंग के लिए बीजापुर के भोपालपटनम के उल्लुर इलाके से गुजर रहे थे तब माओवादियों के लगाए आईईडी की चपेट में आ गए। आईईडी विस्फोट में डीआरजी का 1 जवान शहीद हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद इलाके में जवानों ने सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। नक्सल प्रभावित जिलों और इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। घायल जवानों में दो जवानों को मामूली चोटें आईं है। इस मामले की पुष्टि एसपी बीजापुर जितेंद्र यादव ने की।
शहीद जवान दिनेश नाग का पार्थिव शरीर बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया। घायल जवान भरत धीर, पायकू हेमला और मुन्दरू कवासी को भी लाया गया। बताया जा रहा है कि, थोड़ी देर में सेना के हेलिकॉप्टर से जिला मुख्यालय भेजा जाएगा।

