रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 19 अगस्त। छत्तीसगढ़ में साय सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार 20 अगस्त को होगा। बुधवार को राजभवन में दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल शपथ लेंगे। तीनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।
इससे पहले वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और राज्यपाल रमन डेका की मुलाकात ने कई चर्चाओं को जन्म दिया लेकिन श्री अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने दस दिन पहले ही मुलाकात का समय मांगा था।
तीन मंत्रियों की शपथ के साथ ही यह तय हो गया है कि छत्तीसगढ़ में भी हरियाणा की तर्ज पर अब 14 मंत्री होंगे। साय कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। छतीसगढ़ की तरह हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं।
हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में राज्य बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आए हैं। नियम के तहत 90 विधायकों में 13 मंत्री बन सकते हैं, इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।

