व्यवस्थाओं की खुली पोल : गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से एक युवक की मौत

व्यवस्थाओं की खुली पोल : गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से एक युवक की मौत

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 7 सितंबर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राव सिंह भाटी के रूप में हुई है जिसकी उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। यह पूरा मामला खम्ताराई इलाके स्थित शीतला तालाब का है।

मिली जानकारी के अनुसार खम्ताराई क्षेत्र की गणेश उत्सव समिति के सदस्य देर रात गणपति विसर्जन के लिए शीतला तालाब पहुंचे थे। इसी दौरान राव सिंह भाटी तालाब में उतर गया लेकिन कुछ देर बाद वह पानी से बाहर नहीं निकल पाया। साथ आए लोगों ने उसे ढूंढने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई।

वहीं शव की खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम पहुंच गई है। इसके पहले प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया था। लेकिन इस हादसे ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

Chhattisgarh