CAF जवान ने साली और चाचा ससुर पर दागीं गोलियां : दोनों की मौके पर ही मौत, पुलिस ने किया गिरफ्तार

CAF जवान ने साली और चाचा ससुर पर दागीं गोलियां : दोनों की मौके पर ही मौत, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोरबा(अमर छत्तीसगढ़) 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी साली और चाचा ससुर पर रायफल से गोलियां दाग दीं।

घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक चली गोलियों से इलाके में दहशत फैल गई और बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार जवान का नाम टेसराम बिंझवार बताया जा रहा है, जो कि एतमनगर में बांगा बटालियन में पदस्थ है। मिंझवार का उसकी पत्नी से तलाक हो गया है, जिसके बाद से उसका पत्नी के परिवार से विवाद चल रहा था।

आज वह अपने ससुराल गया हुआ था तभी किसी बात को लेकर मिंझवार का उनसे विवाद हुआ और उसने तैश में आकर अपनी साली मदालसा बिंझवार और चाचा ससुर राजेश बिंझवार पर गोलियां दाग दीं। इस हमले में दोनों की मौके पर मौत हो गई।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी जवान को पुलिस ने तुरंत नेवसा नर्सरी के पास गिरफ्तार कर लिया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ पारिवारिक तनाव और विवाद से जुड़ी है। फिलहाल पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच की जा रही है।

इस बीच मृतकों के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अस्पताल के बाहर मृतकों का शव रखकर चक्का जाम कर दिया है।

उनकी मांग है कि आरोपी जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें मुआवजा दिया जाए। चक्का जाम से अस्पताल के पास वाहनों की भीड़ लग गई है।

Chhattisgarh