रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 18 सितंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लेट नाइट तक खुले रहने वाले होटल, क्लब और ढाबों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आधी रात तक संचालित होने और नियमों को दरकिनार करने पर पुलिस ने 18 संस्थानों के खिलाफ पंचनामा तैयार कर जिला प्रशासन और नगर निगम को पत्र भेजा है। अब इनके आबकारी और गुमास्ता लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।
शहर में न्यूड पार्टी कॉन्सेप्ट का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 15 सितंबर की रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम एंड साइबर (एसीसीयू) यूनिट की मदद से 15 से अधिक टीमों के जरिए कार्रवाई की।
इस दौरान तेलीबांधा स्थित हाइपर क्लब, शीतल इंटरनेशनल का जूक पब, मोका बार एंड रेस्टोरेंट, होटल फ्लोरेंस, सिमर्स बार, नवा रायपुर का आईपी क्लब और पियानो क्लब शैमरॉक गार्डन देर रात तक खुले पाए गए। पुलिस का कहना है कि इन स्थानों पर ग्राहकों को अवैध रूप से शराब भी परोसी जा रही थी।

