ब्यावर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ) 19 सितंबर।
(प्रकाश जैन)
गत साढ़े तीन माह से ब्यावर जिले की बेटी का लापता होने के बाद ब्यावर जिला पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नही होने पर सकल जैन समाज के बैनर तले कल शुक्रवार को ब्यावर जिला मुख्यालय पर सर्व समाज के द्वारा किए गए जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन से जिला प्रशासन सकते में आ गया। इसी के तहत एसपी श्री रतन सिंह जी ने सकल जैन समाज की संघर्ष समिति को वार्ता के लिए बुलावा भेजा।
संघर्ष समिति के सदस्य एडवोकेट नीलेश बुरड़ ने एक्सप्रेस न्यूज चैनल से बतियाते हुए बताया कि आज 19 सितम्बर,शुक्रवार को सवेरे 11बजे, पुलिस अधीक्षक, ब्यावर जिला द्वारा जैन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल को वार्ता हेतु आमंत्रित किया गया।
निर्धारित समय पर प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक के बुलावे पर सिटी थाने पहुँचा।

वार्ता में ये थे शामिल…
एसपी श्री रतनसिंह जी के साथ संघर्ष समिति के बीच हुई वार्ता में समिति के इन सदस्यों ने शिरकत की। श्री बुरड़ के अनुसार संयोजक रिखबचंद खटोड़,सुशील मेहता, राजू सा ओस्तवाल,पारस पंच, अशोक पालडेचा, महावीर कवाड़,अनिल डोसी, एडवोकेट रामस्वरूप सेवरिया, संजय नाहर, महेंद्र बोहरा, नीलेश बुरड़, एवं बालिका की माताजी तथा उनके दामाद सहित अन्य सदस्य एसपी ऑफिस में वार्ता के दौरान साक्षी रहे।
एसपी ने अब तक की जांच व अनुसंधान की जानकारी साझा की,जांच अधिकारी को बदला…
एसपी साहब के साथ लगभग 45 मिनट की व्यापक वार्ता में पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह ने अब तक की पूरी जाँच एवं अनुसंधान की जानकारी साझा की।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस विभाग से कुछ चूक रही और मामले को गंभीरता से लेने में विलंब हुआ। साथ ही उन्होंने इस प्रकरण का जांच अधिकारी तुरन्त प्रभाव से बदलकर पुलिस उपअधीक्षक के सुपरविजन में इस प्रकरण की जांच सौपने का निर्णय भी किया।

इसी माह के भीतर ब्यावर की बेटी की बरामदगी हो जायेगी- एसपी रतन सिंह
ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने संघर्ष समिति को यह आश्वासन दिया कि सितंबर माह के भीतर भीतर लापता बालिका को बरामद कर लिया जाएगा। और इसी आधार पर एसपी साहब ने कल प्रस्तावित “ब्यावर बंद” को स्थगित करने का अनुरोध किया। लेकिन संघर्ष समिति ने सर्व समाज के निर्णय के चलते इसे स्थगित करने से साफ इंकार कर दिया।
ब्यावर बंद का निर्णय अटल
सकल जैन समाज से प्राप्त समाचारों के अनुसार समाज के संघ प्रमुखों से सघन विचार–विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कल शनिवार 20 सितंबर का ब्यावर बंद यथावत रहेगा।
अतः ब्यावर के सभी सम्मानित नागरिक एवं समाजजन कृपया ध्यान
दे कि कल ब्यावर बंद रहेगा। इस बंद में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान कर ब्यावर की बेटी को बचाने में अपनी सहभागिता निभायें सा।

