अंबिकापुर में बदमाशों के हौसलें बुलंद : बदमाशों ने पेट्रोल पंप में काम कर रही महिला कर्मचारी को चाकू मारकर की हत्या

अंबिकापुर में बदमाशों के हौसलें बुलंद : बदमाशों ने पेट्रोल पंप में काम कर रही महिला कर्मचारी को चाकू मारकर की हत्या

अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ) 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला कर्मचारी पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने काम कर रही युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां उसने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा स्थित कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है।

मिली जानकारी के अनुसार,पीड़िता युवती आज सुबह काम पर पेट्रोल पंप पहुंची थी। इसी बीच एक युवक आया और अपने पास रखा चाकू निकालकर युवती पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस घटना के बाद युवती लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गई।

आरोपी युवक घटना के बाद मौके से भागने की फिराक में था। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से आरोपी का चाकू बरामद कर लिया है।

पुलिस घटना में पेट्रोल कर्मचारियों और मृतक युवती के परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही अंबिकापुर पुलिस गिरफ्तार आरोपी से भी घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि प्रेम संबंध के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा जाँच कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद ही पता चल पायेगा कि हत्या की वजह क्या थी।

Chhattisgarh