रिश्वतखोरी पर एक्शन : ठेकेदार से 21 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए PWD का इंजीनियरिंग गिरफ्तार, घर पर भी पड़ा छापा

रिश्वतखोरी पर एक्शन : ठेकेदार से 21 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए PWD का इंजीनियरिंग गिरफ्तार, घर पर भी पड़ा छापा

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर(अमर छत्तीसगढ) 29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि बंजारे ठेकेदार अंकित मिश्रा से बिल पास करने के एवज में ₹21,000 की रिश्वत मांग रहे थे। अंबिकापुर एसीबी की टीम ने बुधवार को यह कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी के घर पर भी तलाशी जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदार अंकित मिश्रा ने विभाग का कार्य पूरा करने के बाद बिल पास कराने के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर लगाए. इस दौरान सब इंजीनियर बंजारे ने भुगतान के लिए ₹21,000 की मांग की।

रिश्वत मांग से परेशान ठेकेदार ने अंबिकापुर एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय समय पर जैसे ही बंजारे ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उन्हें केमिकल लगे नोटों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने सब इंजीनियर के मनेंद्रगढ़ स्थित घर में छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान बेहिसाब संपत्ति और अवैध लेनदेन से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना है। तलाशी कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की उम्मीद है।

Chhattisgarh