बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ) 31 अक्टूबर। जिले में तुरतुरिया दर्शन करने जा रही दर्शनार्थियों से भरी पिकअप पलट गई। इस दौरान हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि, 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 5 गंभीर रूप से घायलों को बिलासपुर सिम्स रिफर किया गया है। बताया जा रहा है कि, पिकअप में लगभग 30 लोग सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा लवन थाने के डोंगरीडीह के पास हुआ है। ग्राम भोथीडीह एवं ठाकुरदेवा (थाना मस्तूरी) से कैवर्त परिवार के करीब 30 सदस्य पिकनिक मनाने के लिए तुरतुरिया, कसडोल जा रहे थे। इसी दौरान डोंगरीडीह (थाना लवन) के पास पिकअप वाहन (क्रमांक CG 07 AW 4726) का पीछे का चक्का बेरिंग सहित टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसा इतना जबरदस्त था कि, वाहन में सवार 17 लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायल लोगों को अब इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने बताया कि, टायर फटने के कारण हादसा हुआ है। फिलहाल घटना की जांच जारी है।
मृतक की पहचान राम प्रसाद कैवर्त्य (55 वर्ष), पिता रामलाल, निवासी भोथीडीह थाना मस्तूरी के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को सिम्स बिलासपुर रिफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार कसडोल अस्पताल में जारी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

