अरपा नदी में मिली हाईकोर्ट के वकील की लाश : कारणों की जांच में जुटी पुलिस, लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

अरपा नदी में मिली हाईकोर्ट के वकील की लाश : कारणों की जांच में जुटी पुलिस, लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 7 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के अरपा नदी में हाईकोर्ट अधिवक्ता की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। अधिवक्ता का नाम राहुल अग्रवाल बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि, प्रेमिका की सगाई होने के बाद वे टेंशन में थे।

मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात रिवर व्यू और अरपा के पुल पर कुछ युवक मोबाइल से तस्वीरें ले रहे थे। इस दौरान उन्हें नदी की तेज धार में एक व्यक्ति का हाथ दिखाई दिया। जिसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से लाश बाहर निकाला। जिसके बाद लाश का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक अधिवक्ता राहुल अग्रवाल पिछले सात सालों में मंगला में रहकर हाईकोर्ट में वकालत कर रहे थे। गुरुवार की रात वे दोस्त की शादी में मोपका गए हुए थे। 12 बजे से उनकी कार अरपा पुल के बीचों बीच खड़ी थी। कार को लावारिस हालत में खड़ी देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

जिसके बाद कार को उठाकर पुलिस थाने ले गई। अरपा नदी में लाश दिखने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। जांच के बाद कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने परिजन और दोस्तों से पूछताछ की, तब पता चला कि राहुल का किसी लड़की से अफेयर चल रहा था। राहुल उससे शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिजनों ने दूसरी जगह उसका रिश्ता तय कर दिया। उसकी सगाई भी हो गई, इससे राहुल टेंशन में था। आशंका है कि इसी वजह से आत्महत्या की होगी।

सिटी कोतवाली टीआई देवेश सिंह राठौर ने बताया कि, शुरुआती जांच में युवक के नदी में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका है। शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट आने पर ही युवक के मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Chhattisgarh