बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ) 16 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत इलाज प्रदान करने वाले दो निजी अस्पतालों में भारी गड़बड़ी सामने आई है। जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होने के बाद सिमगा स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल और बलौदा बाजार के ओमकार हॉस्पिटल का आयुष्मान पंजीयन तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
इस कार्रवाई को स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की सुरक्षा, उपचार मानकों और दस्तावेजी प्रक्रियाओं में गंभीर खामियां मिलने के आधार पर अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आरोग्यम हॉस्पिटल सिमगा एवं ओमकार हॉस्पिटल बलौदाबाजार की जांच कराई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उक्त दोनों अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर राज्य कार्यालय को अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई। अनुशंसा के आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने आरोग्यम हॉस्पिटल सिमगा एवं ओमकार हॉस्पिटल बलौदाबाजार का आयुष्मान पंजीयन 3 माह के लिए सस्पेंड कर दिया है।

अस्पताल स्टाॅफ की योग्यता का सत्यापन न होना, आवश्यक मेडिकल उपकरणों का अभाव, केस शीट और उपचार रजिस्टर में गड़बड़ियां, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली कमजोर, दवाइयों और प्रक्रियाओं की गलत प्रविष्टियां, आवश्यक सुविधाओं की कमी, मरीजों की देखरेख में खामियां मिली।

