ब्यावर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ़) , 20 नवम्बर
(प्रकाश जैन,वरिष्ठ पत्रकार)
जैन धर्म के सबसे बड़े पुराने जैन संघों में से एक श्री प्राज्ञ संघ के गुरुदेव पन्ना गुरु एवम सोहन गुरु संघ के नवदीक्षित संत श्री धैर्य मुनि सा का अल्प कालीन प्रवास हेतु अपनी जन्म धरा पर ब्यावर पधारना होगा। जैन संत अपने सहयोगी संत के साथ गुरुवार को जवाजा जैन स्थानक में विराज रहे हैं।
जैन समाज ब्यावर के आग्रह पर आ रहें हैं संत मंडल, श्रद्धालु रंगे धर्म ध्यान में
बेशुमार संपदा छोड़कर संयम पथ के पथिक बने ब्यावर के जन्मे जाए संत धैर्य मुनि अपने सहयोगी संत धीरज मुनि के साथ ब्यावर जैन समाज के विशेष आग्रह पर जवाजा से ब्यावर क्षेत्र के गांव गांव,ढाणी ढाणी में भगवान महावीर के दिव्य संदेशों एवम जिन वाणी का प्रचार प्रसार करते हुए रविवार को ब्यावर पधारेंगे। दोनों जैन संतो के जैन भगवती दीक्षा लेने के बाद पहली बार ब्यावर की भूमि पर होगा पदार्पण होगा। उनके ब्यावर प्रवास को लेकर समग्र जैन समाज में विशेष उत्साह, उमंग,श्रद्धा, भक्ति का माहौल बना हुआ है। ब्यावर से श्रद्गालु श्रावक श्राविकाएं अलग अलग समूह में जवाजा जाकर संत मंडल के सानिध्य में धर्म ध्यान कर अपनी आत्मा के उत्थान में लगे हुए हैं।
बिजयनगर में बने थे संयम पथ के पथिक
संत धैर्य मुनी एवं संत धीरज मुनी ने 06 माह पूर्व 14 मई,2025 में श्री पन्ना गुरु की तपोस्थली बिजयनगर कस्बे में संसार आसार की महता समझते हुए संयम पथ के पथिक बने थे।उन्हें श्री पन्ना सोहन गुरु संघ की वरिष्ठ साध्वी डॉ श्री दर्शन लता जी महाराज ने अपने मुखारविंद से संयम पद पर आरूढ़ किया था। दोनों जैन संतों ने जैन भगवती दीक्षा के बाद लगभग 200 किलोमीटर का पैदल विहार का जिनवाणी का जोरदार डंका बजा रहे है दोनों जैन संतों के ब्यावर प्रवास को लेकर जैन जैनेतर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
कर्मस्थली पर करेंगे पगलिया
सांसारिक मोह माया को त्याग कर, सतरंगी दुनिया को तज कर संयम मार्ग धारण करने वाले नव दीक्षित जैन संत धैर्य मुनि अपनी सांसारिक कर्मस्थली ब्यावर के निकट नरबद खेड़ा के ख्यातनाम विद्यालय के डी जैन स्कूल में अपने पावन एवम दिव्य पगलिया करेंगे।
के डी जैन स्कूल समिति एवम बच्चों के विशेष आग्रह पर दोनों जैन संतो का 02 दिन का प्रवास स्कूल परिसर में रहेगा स्कूल के छोटे छोटे बच्चों सहित छात्र-छात्राएं स्टाफगण सहित उनके अभिभावक अपने आका रहे श्री दौलत गुरु की (धैर्य मुनि सा) सहित संत श्री की पलक पांवड़े बिछाकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।पूरे स्कूल परिसर को जैन धर्म के विभिन्न स्लोगों,नारों बैनरों से सजा दिया गया है।

जैन संत अपनी कर्म स्थली स्थल के अल्प प्रवास केडी जैन स्कूल में बच्चों को धार्मिक एवं नैतिक संस्कारों का गहन बीजारोपण करेंगे।साथ ही जैन धर्म के विविध विषयों पर गहन एवम गुढ़ जानकारी देने के साथ साथ जीवन में कभी भी मात पिता की सेवा में पीछे नहीं हटना चाहिए ऐसे आदर्शों का बच्चों में अलख जगाएंगे।
आसींद चातुर्मास कर ब्यावर आ रहे हैं दोनों संत
नव दीक्षित संत धैर्य मुनी अपने सहयोगी संत के साथ आसींद में वर्षा कालीन वर्षावास पूर्ण कर गांव गांव, ढाणी ढाणी में जैन धर्म की दिव्य ज्योत जलाते हुए अपनी जन्म भूमि पर आएंगे। ब्यावर प्रवास के दौरान पिपलिया बाजार स्थित प्रमुख जैन स्थानक श्री स्थानकवासी वीर जैन संघ स्थानक में प्रवास कर जिनवाणी की बरखा बरसाएंगे।
जवाजा में लगा धर्म ध्यान का ठाठ
प्राज्ञ संघ से जुड़े दोनों जैन संतों के जवाजा प्रवास में संपूर्ण जवाजा ग्राम वासियों में सहित आस पास के गांवों में संतो के पधारने पर सब ने अपार श्रद्धा भक्ति का परिचय देते हुए धर्म ध्यान में रंगे हुए है पूरे जैन स्थानक परिसर में धर्म ध्यान का जोरदार ठाठ लगा हुआ है।

के डी जैन स्कूल के निदेशक वीर पुत्र सुयश अंशुल तातेड ने एक जानकारी में बताया कि दोनों जैन संतों का ब्यावर नगर में एक पखवाड़ा से ज्यादा प्रवास रहेगा। इस दौरान संत मंडल का नगर की शिक्षण संस्थानों में भी प्रवचन एवं मांगलिक सहित अनेक कार्यक्रम होंगे।
मानव जीवन की महत्ता को समझें
जवाजा में धर्म चर्चा करते हुए नव दीक्षित संत धैर्य मुनि ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है,हम इसके महत्व को समझें।अनंत अनंत पुण्य वाणी के प्रबल योग से मानव जीवन की प्राप्ति होती है इस दुर्लभ एवम अनमोल जीवन में इंसान परोपकार, सेवा,मानवता के कार्य करके इस जीवन को सफल बनाने का सदप्रयास करें। जीवन में नियमित नवकार महामंत्र का स्मरण करते हुए पंच परमेष्ठि में रमण करते हुए जीवन को सफल बनाएं।
इस मौके पर धर्म सहायिका सरोज तातेड,वीर भ्राता माणक चंद तातेड, पवन तातेड प्रकाश जैन, सुयश तातेड,संपतराज नाहटा, अन्नराज तातेड, जितेंद्र डांगी, गौतम नाबरिया,अंकित रूणिवाल,हिमांशु रूणिवाल, महिला मंडल विमला देवी जैन, सुशीला नाहटा शशि जैन सहित जवाजा, ब्यावर बिजयनगर भीलवाड़ा, आसींद सहित आस पास के क्षेत्रों के श्रद्धालु श्रावक श्राविकाओं ने उपस्थित होकर धर्म चर्चा का लाभ लेकर मनुज जीवन को सार्थक किया।
संत मंडल का शुक्रवार दोपहर जवाजा से ब्यावर की दिशा की ओर विहार होगा।
कुंदन नगर पधारने की पुरजोर विनती
कुंदन नगर विकास समिति के अध्यक्ष अन्नराज तातेड एवम समाज सेवी प्रकाश जैन के नेतृत्व में एक विशेष दल संत मंडल के श्री चरणों में जवाजा पहुंचा और संत प्रमुख श्री धैर्य मुनि सा से उनकी प्रमुख कर्म स्थली ब्यावर नगर के पॉश इलाके कुंदन नगर में पधारने एवम शेखे काल प्रवास की पुरजोर विनती की।
इस मौके पर कुंदन नगर के श्रद्धालु श्रावक श्राविकाओं के साथ के डी जैन स्कूल प्रशासन के प्रशासनिक अधिकारी सहित स्कूल स्टाफ ने विधिवत वंदन कर अपनी अर्जी गुरु चरणों में समर्पित की।

