राजनांदगांव में पीलिया संक्रमण : कौरिनभांठा में 9 लोग मिले से पीड़ित, इनमें बच्चे भी शामिल

राजनांदगांव में पीलिया संक्रमण : कौरिनभांठा में 9 लोग मिले से पीड़ित, इनमें बच्चे भी शामिल

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के पॉश इलाका कौरिनभांठा में 9 लोग पीलिया से पीड़ित मिले हैं, इनमें से कुछ बच्चे हैं। पीलिया संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।

दो बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं, तीन स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि चार मरीज घर में आराम कर रहे हैं। संक्रमण की सूचना मिलते ही वार्ड में स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कैंप लगाया और मोहल्ले के सभी परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया।

पार्षद डुरेंद्र साहू ने स्थिति की जानकारी मिलते ही मेयर मधुसूदन यादव और निगम प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां बांटी गईं और लोगों को पानी उबालकर पीने व साफ-सफाई बढ़ाने की सलाह दी गई।

जल विभाग ने पाइपलाइन की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पीने के पानी में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है, हालांकि पीएचई विभाग ने पानी के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे हैं।

इससे पहले भी बसंतपुर वार्ड में गंदा पानी की सप्लाई होने से पीलिया के मरीज मिले थे। वहां नलों से गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायत मिली थी।

तब खुलासा हुआ था कि मोहारा वाटर प्लांट की मशीनों में खराबी और क्लोरिन व एलम की कमी के अलावा लंबे समय से वहां पानी जांच वाली लैब बंद होने की जानकारी सामने आई थी।

Chhattisgarh