कोरबा(अमर छत्तीसगढ) 13 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के कोरबा में तांत्रिक क्रिया के दौरान स्क्रैप कारोबारी समेत तीन लोगों की हत्या मामले में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य तांत्रिक समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 3 अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में अशरफ मेमन, कोरबा का एक स्थानीय युवक और बिलासपुर निवासी एक युवक शामिल है। बिलासपुर निवासी बैगा राजेन्द्र कुमार ने इन्हें दावा किया था कि अगर वे बैगा को 5 लाख देते हैं, तो वह तांत्रिक क्रिया द्वारा उन्हें 2.5 करोड़ बनाकर देगा।
इसी अंधविश्वास के चलते तीनों ने 10 दिसंबर देर रात पूजा रखवाई। लेकिन बंद कमरे में कुछ ऐसा हुआ कि तीनों को अपने जान से हाथ धोना पड़ा।
बैगा राजेन्द्र कुमार के साथ बिलासपुर के अमेरी से आए अश्विनी कुर्रे ने बताया कि बैगा और बैगा का एक साथी अंदर कमरे में थे। राजेन्द्र और एक और साथी बाहर थे. उसने बताया कि बैगा ने अंदर कमरे में तंत्र-मंत्र क्रिया शुरू की। पूजा के दौरान बैगा ने एक-एक कर अशरफ मेमन समेत तीनों मृतकों को कमरे में बुलाया और नींबू दिया और कमरे में बंद करते जा रहा था।
बैगा ने उन्हें 15 से 30 मिनट तक के लिए कमरे में बंद किया था। लेकिन जब दरवाजा खोला गया, तो तीनों की मौत हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि जहर खुरानी देकर तीनों को मौत के घाट उतारा गया है।

