कोल्ड स्टोरेज हादसे पर एक्शन : कलेक्टर ने गठित की चार सदस्यीय टीम, तीन बिंदुओं पर होगी जांच

कोल्ड स्टोरेज हादसे पर एक्शन : कलेक्टर ने गठित की चार सदस्यीय टीम, तीन बिंदुओं पर होगी जांच

सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ) 14 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे की जांच के लिए कलेक्टर एस जयवर्धन ने चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। यह टीम अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच दल तीन बिंदुओं पर जांच करेगी।

आपको बता दें कि, शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब कोल्ड स्टोरेज में सभी मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान 4 मजदूरों पर अचानक दीवार गिर गई. घायलों को तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां 2 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया।

जबकि इलाज के दौरान एक और मजदूर ने दम तोड़ा। मृतकों की पहचान विफल (भटगांव), भोल सिंह (ग्राम डेडरी) और वेद सिंह (बेल्टिकरी भूमिहारपारा) के रूप में की गई। वहीं मजदूर सुरेन्द्र (रामनगर) अस्पताल में भर्ती है।

घटना की सूचना पर कलेक्टर एस जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे। मजदूरों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने कोल्ड स्टोरेज बंद करो के नारे लगाए। प्रदर्शन की आशंका पर स्थिति नियंत्रित करने बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।

Chhattisgarh