नारायणपुर(अमर छत्तीसगढ) 21 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन से लौटते समय हुए एक्सीडेंटल फायर से डीआरजी जवान की मौत हो गई। घटना थाना छोटेडोंगर अंतर्गत कैंप कड़ेनार में घटित हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक्सीडेंटल फायर में सिर के पास गोली लगने से नारायणपुर डीआरजी के आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत धौड़ाई अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा का निधन हो गया। फिलहाल, पोस्टमार्टम व कानूनी कार्रवाई जारी है।
20 दिसंबर को थाना छोटाड़ोगर क्षेत्रांतर्गत एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन के लिए नारायणपुर डीआरजी निकली थी। आज 21 दिसंबर की सुबह अभियान से जवानों की टीम लौट रही थी। इसी दौरान एक जवान के हाथ से अचानक फायरिंग हो गइ। फायरिंग एक्सीडेंटल थी। इस घटना में सामने चल रहे आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा के सिर के पास गोली लगी।
डीआरजी के जवानों ने घायल जवान को तत्काल धौड़ाई अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर प्राथमिक उपचार के दौरान आरक्षक की मौत हो गई। बताया जा रहा हैं कि घटना में जवान के सिर से अत्यधिक खून बह गया था, जिस वहज से उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में पोस्टमार्टम तथा अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले की जांच भी की जा रही है। पुलिस ने जवान के निधन की सूचना उनके परिजनों को दे दी हैं।

