ब्यावर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ) 22 दिसम्बर।
(प्रकाश जैन )
विगत 03 सप्ताह से ब्यावर नगर के विभिन्न उपासरों स्थानकों में जिन वाणी का दिव्य डंका बजाने वाले प्राज्ञ संघ के श्री पन्ना गुरु एवम श्री सोहन गुरु संघ के नवदीक्षित संत ने रविवार सवेरे प्रताप कॉलोनी से विहार कर श्री सकल ओसवाल जैन समाज एवम कुंदन नगर विकास समिति के पुरजोर विनती पर कुंदन नगर स्थित प्राज्ञ भवन अल्प कालीन प्रवास हेतु मंगल प्रवेश किया।

भगवान महावीर एवम पन्ना सोहन गुरु जी जयकारों से गुंजी विहार यात्रा
प्रताप कॉलोनी स्थित सूर्यम से विहार कर एक संत धैर्य मुनि अपने साथी संत धीरज मुनि के साथ एक जुलूस के तहत अहिंसा के अवतार श्रमण भगवान महावीर स्वामी एवं श्री पन्ना गुरु,श्री सोहन गुरु एवं वरिष्ठ साध्वी रत्ना डॉ दर्शनलता जी महाराज की जय जयकारों के साथ पूरे विहार मार्ग को गूंजाते हुए कुंदन नगर पधारे। जहां कुंदन नगर,लोकाशाह नगर,जैन कॉलोनी,प्रताप कॉलोनी सहित नगर के जैन जैनेतर समाज के प्रमुखों सहित श्रद्धालु श्रावक श्राविकाओं ने संत मंडल की तिखूतो के पाठ से तीन बार विधिवत वंदना कर अगुवाई कर प्राज्ञ भवन में मंगल प्रवेश करवाया।

प्रताप कॉलोनी गुंजायमान हुई नवकार महामंत्र की स्वर लहरियों से
संत मंडल के पावन सानिध्य में प्रताप कॉलोनी स्थित सुर्यम में भक्त श्रद्धालु श्रावक श्राविकाओं ने सामायिक साधना के साथ लगातार 01 घंटे तक नवकार महामंत्र का सामूहिक जप जाप कर पूरे क्षेत्र को नवकार के उद्घोषों से गुंजायमान कर दिया।नवकार जप जाप करने वाले सभी साधकों का प्रभावना देकर सम्मान किया गया।
संत मंडल के आध्यात्मिक प्रवचन में गहरे गोते लगाए श्रद्धालुओं ने
प्राज्ञ भवन में परम पूज्य धैर्य मुनि जी के सान्निध्य में आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन हुआ। प्राज्ञ भवन में खचाखच भरे श्रद्धालुओं के बीच संत प्रवर श्री ने संयम,अपरिग्रह एवं सादगी को मानव जीवन का मूल आधार बताया।

संत प्रवर धैर्य मुनि जी ने कहा कि वर्तमान भौतिक युग में अत्यधिक उपभोग के कारण मानव जीवन तनावग्रस्त हो गया है। यदि इंसान धैर्य, संयम और विवेक के साथ जीवन जिए तो सच्ची शांति एवम सुख की अनुभूति कर सकता है। आज जरूरत है धर्म के मर्म को समझने की। संत
प्रवर ने अपने धारावाहिक प्रवचन में कहा कि आवश्यकता से अधिक संग्रह करने से अशांति उत्पन्न होती है। जबकि अपरिग्रह अपनाने से जीवन में संतुलन और संतोष बना रहता है। प्रवचन के दौरान अहिंसा, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

कुंदन नगर में सेखे काल प्रवास करने की पुरजोर विनती
संतो के पावन निश्रा में शांत एवं अनुशासित वातावरण में आयोजन सम्पन्न हुआ। सत्संग में बिजयनगर,आसींद,भीलवाड़ा,जयपुर सहित नगर से भारी तादाद में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर मुनि श्री के प्रवचन से लाभ लेकर मानव जीवन को सार्थक किया। इस मौके पर कुंदन नगर विकास समिति के प्रकाश जैन ने संत मंडल को क्षेत्र में शेखे काल प्रवास करने की पुरजोर विनती की।
आसींद संघ अध्यक्ष ने भी संत मंडल को आसींद पघारनें का आग्रह किया। संचालन प्राज्ञ संघ मंत्री महावीर भंडारी ने किया। सुश्राविका सरोज देवी सुयश हिमांशु वीर तातेड परिवार की ओर से सभी श्रद्धालु भक्तों की गौतम प्रसादी का आयोजन के डी जैन इंग्लिश मीडियम स्कूल मे रखा गया।

कुंदन नगर विकास समिति अध्यक्ष अन्नराज तातेड एवम के डी जैन शिक्षण समिति के निदेशक सुयश हिमांशु तातेड ने बताया कि संत मंडल का सोमवार सवेरे 9.15 बजे प्राज्ञ भवन मे प्रवचन सभा होगी। ज्ञान एवम तत्व चर्चा दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक,एवम जिज्ञासा समाधान एवम ज्ञान गोष्ठी केवल श्रद्धालुओ के लिए रात को 7.15 बजे होगी। श्रद्धालु संवर पौषध कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपने कर्मों की निर्जरा करें।
प्रकाश जैन, वरिष्ठ पत्रकार
आशीष जैन, फोटो जर्नलिस्ट
जयपुर ब्यावर

