बकरा खाना 400 लोगों को पड़ा महंगा : रेबीज संक्रमित बकरे को कटवाकर सरपंच ने ग्रामीणों को खिलाया, गुसाए ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

बकरा खाना 400 लोगों को पड़ा महंगा : रेबीज संक्रमित बकरे को कटवाकर सरपंच ने ग्रामीणों को खिलाया, गुसाए ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ) 30 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के सरगंवा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहाँ रेबीज संक्रमित कुत्ते द्वारा काटे गए बकरे की बली देकर उसका मांस ग्रामीणों को परोसा गया। इस मांस का सेवन गांव के लगभग 400 लोगों ने किया, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। यह घटना 28 दिसंबर को गांव में आयोजित निकाली पूजा के दौरान हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच नारायण प्रसाद और उपसरपंच कृष्णा सिंह ने गांव के ही नान्हू रजवाड़े से बकरा खरीदा था, जिसे पहले से ही एक रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काटा था। इसके बावजूद बकरे की बली दी गई और उसका मांस सामूहिक भोज में परोसा गया।

इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। लोग संक्रमण के डर से सहमे हुए हैं और स्वास्थ्य विभाग से गांव में तत्काल चिकित्सा शिविर लगाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बकरा संक्रमित था।

इस पूरे मामले में सरपंच और उपसरपंच सवालों से बचते नजर आ रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Chhattisgarh