राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ) 3 जनवरी।
सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखने वाली संस्था अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में पूरे देश और नेपाल की 368 शाखाओं में एक समय, एक साथ,एक सामायिक, एक संदेश” की भावना को साकार करते हुए सामायिक फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत के अनुसार यह कार्यक्रम दिनांक 04 जनवरी 2026, रविवार को प्रातः 9:00 बजे से 10:00 बजे तक एक ही समय पर देश और विदेश के कई स्थानों पर आयोजित होगा। इस अवसर पर समस्त श्रावक समाज एक साथ सामायिक साधना में सहभागी बनेंगे।
अभातेयुप के राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान समय में बढ़ती अशांति, तनाव, वैमनस्य एवं सामाजिक विघटन के बीच सामायिक के माध्यम से शांति, संयम, करुणा एवं सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। देश विदेश में एक साथ आयोजित सामूहिक सामायिक यह संदेश देगा कि अध्यात्म ही समाज को सकारात्मक एवं संतुलित दिशा प्रदान कर सकता है।
संस्था द्वारा इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है। राजनांदगांव परिषद अध्यक्ष आशीष सुराना ने बताया कि हमारी परिषद भी इस अभिनव सामायिक फेस्टिवल में बढ़ चढकर हिस्सा ले रही है परिषद् मंत्री अंकुर कोठारी ने बताया कि दिनांक 4 जनवरी को तेरापंथ भवन राजनांदगांव में अभिनव सामायिक का आयोजन किया जा रहा है।

