अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ) 6 जनवरी। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने 1 से 5वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद का ऐलान किया है। बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किया गया है। दिनभर लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया और पारा लगातार गिर रहा है। सरगुजा जिले में शीतलहर सुबह से घना कोहरा और कम विजिबिलिटी होने की वजह से शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है।
पश्चिमोत्तर की शीतलहर ने शहर सहित पूरे सरगुजा संभाग को कंपकपा दिया है। मौसम विज्ञानी आने वाले दिनों में पारा में और अधिक गिरावट होने के साथ ही शीतलहर का प्रभाव जारी रहने की संभावना जता रहे हैं।

उत्तर भारत में सक्रिय पछुआ विक्षोभ के प्रभाव से पिछले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही से ठंड सेकुछ राहत थी तथा रविवार को न्यूनतम पारा बढ़कर 9.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।

विक्षोभ का प्रभाव खत्म होते ही पश्चिमोत्तर की सर्द हवाओं के प्रवाह के साथ ही घने कोहरे का कहर शुरू हो गया है। रविवार की शाम से ही लगातार पश्चिमोत्तर की ठंडी हवाएं चल रही है।


