मुंगेली(अमर छत्तीसगढ) 13 जनवरी। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में धान की अवैध ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग की लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राज्य शासन से प्राप्त अलर्ट और मुख्य सचिव की हालिया बैठक के निर्देशों के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने उपलेटा और वर्धमान राइस मिल सहित उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने उपलेटा स्थित एक राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं, धान के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग में संलिप्त 9 वाहनों को जब्त किया गया है।
वर्धमान राइस मिल की जांच अभी जारी है। इसके अलावा उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा में बिना जीपीएस युक्त वाहन से धान उठाव की सूचना पर भी जांच की जा रही है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले की राइस मिलों और सहकारी समितियों में धान की ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग को लेकर लगातार शिकायतें एवं रिपोर्ट प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं के आधार पर उपलेटा क्षेत्र की चार राइस मिलों का निरीक्षण किया गया, जहां बड़े पैमाने पर अनियमितताएं उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान राइस मिल परिसर के पीछे की बाउंड्रीवॉल टूटी हुई पाई गई, जिससे बाहरी धान को अवैध रूप से खपाने की आशंका जताई जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि कस्टम मिलिंग के नाम पर निजी मिलिंग की जा रही थी।
साथ ही विभिन्न फर्मों के बीच किसी प्रकार का अधिकृत एंट्री–एग्जिट गेट नहीं था, जिससे एक फर्म का चावल दूसरी फर्म में अवैध रूप से खपाए जाने की संभावना सामने आई है।

