रूम हीटर से घर में लगी भीषण आग: जिंदा जलकर हुई बुजुर्ग की मौत, जांच में जुटी पुलिस

रूम हीटर से घर में लगी भीषण आग: जिंदा जलकर हुई बुजुर्ग की मौत, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 17 जनवरी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टाटीबंद इलाके में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। आग लगने पर बुजुर्ग लगातार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन घर पर बाहर से ताला लगे होने के चलते पड़ोसी भी मदद न कर सके और देखते ही देखते बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि आग रूम हीटर की वजह से हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना आज सुबह की है। जब मृतक राजकुमार गुप्ता (70 वर्ष) अपने घर पर अकेले थे। उनका बेटा घरेलू सामान लेने बाहर गया हुआ था।

इस दौरान उसने दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया था। जब तक वह सामान लेकर लौटा, तब तक घर पर लगी आग में उनके बुजुर्ग पिता की जान जा चुकी थी और सबकुछ जल चुका था।

आपको बता दें कि घटना के दौरान बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी इक्कट्ठे हो गए। उन्होंने दरवाजा खोलने की काफी कोशिश की, लेकिन ताला जड़े होने की वजह से असफल रहे।

पड़ोसियों ने घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। लेकिन दमकल की टीम भी लगभग डेढ़ घंटे बाद पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रशासन की इस लापरवाही को लेकर भी लोगों में भारी आक्रोश है।

वहीं सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर बुजुर्ग के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रूम हीटर से शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगी होगी। सर्दियों के मौसम में हीटर के अधिक इस्तेमाल के चलते इस तरह की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

Chhattisgarh